करीना कपूर ने साल 2025 को भावुक अंदाज में अलविदा कहा। सैफ अली खान पर हमले के बाद का मुश्किल दौर याद करते हुए एक्ट्रेस ने फैंस का आभार जताया।
बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान ने साल 2025 को बेहद भावुक अंदाज में विदाई दी है। नए साल से ठीक पहले करीना ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने बीते साल को अपने और अपने परिवार के लिए “मुश्किल” बताया। इस पोस्ट में उन्होंने न सिर्फ अपने दर्द और संघर्ष को बयां किया, बल्कि उन लोगों का भी शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने इस कठिन समय में उनका साथ दिया।
करीना कपूर ने इंस्टाग्राम पर पति सैफ अली खान के साथ एक तस्वीर शेयर की है। यह फोटो किसी रेस्टोरेंट की लग रही है, जहां दोनों मुस्कुराते हुए कैमरे के सामने पोज दे रहे हैं। तस्वीर में कपल शांत और मजबूत नजर आ रहा है, लेकिन इसके पीछे छिपी कहानी बेहद भावुक है। गौरतलब है कि इसी साल 16 जनवरी को एक अनजान शख्स ने सैफ अली खान के घर में घुसकर उन पर चाकू से हमला कर दिया था। इस घटना के बाद सैफ को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सर्जरी हुई थी। यह दौर करीना और उनके परिवार के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं था।
