हृदय विदारक हादसा: मिट्टी धंसने से तीन की दर्दनाक मौत, गांव में मातम

सिंगरौली: जियावान थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी कुंदवार, अंतर्गत ग्राम परसोहर में रविवार को एक बेहद दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। गांव के समीप छुई (पोतने वाली मिट्टी) निकालने के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से पांच लोग दब गए। यह घटना दिनांक 25 जनवरी को लगभग 11:21 बजे की बताई जा रही है। हादसा इतना अचानक था कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

ग्रामीणों के अनुसार, महिलाएं एवं बालिकाएं खुरपी लेकर छुई निकालने गई थीं। इसी दौरान मिट्टी का बड़ा हिस्सा धंस गया और सभी लोग उसके नीचे दब गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों, सरपंच परसोहर एवं पुलिस की तत्परता से तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया। मिट्टी में दबे लोगों को बाहर निकाला गया, जिसमें दो महिलाएं बेहोशी की हालत में मिलीं, जबकि दो बालिकाओं और एक महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही चौकी कुंदवार व थाना जियावन पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए जेसीबी मशीन मंगाई गई। थाना जियावन, बरगवां एवं चौकी कुंदवार के पुलिस बल की मौजूदगी में समन्वित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया तथा घटनास्थल पर कानून-व्यवस्था व जनसुरक्षा सुनिश्चित की गई।
इस हादसे में घायल कौशल्या सिंह (50 वर्ष) निवासी ग्राम परसोहर एवं सकमुनि सिंह (45 वर्ष) निवासी चंद्रेह का अस्पताल में उपचार जारी है।

वहीं मृतकों में 10 वर्षीय प्रीति सिंह, 16 वर्षीय बसंती (दोनों निवासी ग्राम हरहवा) तथा 50 वर्षीय फूलमती यादव निवासी बंधा शामिल हैं। मासूम बच्ची और किशोरी की मौत से गांव में कोहराम मचा हुआ है।फिलहाल स्थिति सामान्य है। पुलिस द्वारा शव पंचनामा की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर असुरक्षित तरीके से मिट्टी निकालने के खतरों को उजागर कर दिया है। ग्राम परसोहर सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर है और हर आंख नम है।

Next Post

एसटीएफ ने 5 पिस्तौलें जब्त कीं, दो आरोपी गिरफ्तार

Sun Jan 25 , 2026
भोपाल: मध्यप्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांच अत्याधुनिक पिस्तौलें मैगजीन सहित जब्त की हैं और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह संयुक्त कार्रवाई एसटीएफ इंदौर की दो विशेष टीमों द्वारा की गई।यह कार्रवाई उप पुलिस […]

You May Like