भोपाल: मध्यप्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांच अत्याधुनिक पिस्तौलें मैगजीन सहित जब्त की हैं और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह संयुक्त कार्रवाई एसटीएफ इंदौर की दो विशेष टीमों द्वारा की गई।यह कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ इंदौर, श्री राजेश सिंह चौहान के निर्देशन में संपन्न हुई।
पहली टीम का नेतृत्व निरीक्षक श्री रमेश चौहान ने किया, जिनके साथ प्रधान आरक्षक भूपेन्द्र गुप्ता और आरक्षक विवेक द्विवेदी शामिल थे। दूसरी टीम में प्रधान आरक्षक आदर्श दीक्षित, आरक्षक देवराज बघेल और आरक्षक देवेंद्र सिंह शामिल थे।अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़ी विश्वसनीय सूचना के आधार पर दोनों टीमों को निर्धारित स्थान पर रवाना किया गया। मौके पर पहुंचकर एसटीएफ कर्मियों ने घेराबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका।
विधिवत तलाशी के दौरान उनके कब्जे से पांच अत्याधुनिक पिस्तौलें और मैगजीन बरामद की गईं।पूछताछ में आरोपियों ने स्वयं को ग्राम बोराड़िया, थाना भिकनगांव, जिला खरगोन का निवासी बताया। वैध शस्त्र लाइसेंस प्रस्तुत न कर पाने पर हथियार जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।एसटीएफ द्वारा हथियारों के स्रोत, आपूर्ति नेटवर्क और संभावित उपयोग को लेकर विस्तृत जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
