
जबलपुर। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के माध्यम से हृदय रोग से ग्रसित 3 माह के बालक विक्रम सेन को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत नि:शुल्क सफल सर्जरी का लाभ दिया मिला है। जिला प्रबंधक राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम सुभाष शुक्ला ने बताया कि बालक विक्रम सेन की नारायणा हृदयालय मुंबई में विगत 21 अक्टूबर को नि:शुल्क सफल सर्जरी की गई थी और उसे बुधवार को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया।
जानकारी के अनुसार बालक विक्रम सेन पिता संतोष सेन निवासी शिवराज सिंह नगर, ललपुर, ग्वारीघाट, जिला जबलपुर हृदय रोग से ग्रसित था। शहरी स्वास्थ्य नोडल अधिकारी डॉ. अमजद खान के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य परीक्षण हेतु पहुंची आर.बी.एस.के. टीम की डॉ. सुमेधा झा एवं डॉ. माधुरी मिश्रा द्वारा बालक में हृदय रोग की पहचान की गई।
टीम द्वारा इसकी जानकारी डी.ई.आई.एम. सुभाष शुक्ला को दी गई। उनके द्वारा जिला अस्पताल के विषय विशेषज्ञों से बालक की जांच कराई गई तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. नवीन कोठारी से आवश्यक अनुशंसा प्राप्त की गई। फिर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर डॉ. अमजद खान, जिला नोडल अधिकारी आर.बी.एस.के. कार्यक्रम सुभाष शुक्ला, जिला प्रबंधक राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, जबलपुर द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए बालक का पंजीयन कराया गया। परिजनों की सहमति के बाद बालक को नारायणा हृदयालय, मुंबई (महाराष्ट्र) रेफर किया गया था।
परिजनों ने जताया आभार
बालक की सफल सर्जरी के बाद परिजनों ने मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन, जिला प्रशासन जबलपुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं सिविल सर्जन डॉ. नवीन कोठारी, जिला नोडल अधिकारी डॉ. अमजद खान, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एन.एच.एम. जबलपुर, डी.ई.आई.एम. एवं जिला प्रबंधक सुभाष शुक्ला, नारायणा हृदयालय मुंबई की चिकित्सकीय टीम तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की समस्त टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। गौरतलब है कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में जन्मजात एवं गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान कर उन्हें उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे अनेक जरूरतमंद बच्चों को नया जीवन मिल रहा है।
