इछावर में घर से लाखों का सामान चोरी, सीहोर के पेट्रोल पंप से डम्पर ले उड़े चोर

सीहोर. जिले में एक बार फिर चोरों ने सिर उठाना शुरू कर दिया है. बीती रात इछावर तहसील मुख्यालय पर एक सूने घर से चोर लाखों का माल समेटकर रफूचक्कर हो गए तो दूसरी ओर सीहोर के सोया चौपाल स्थित एक पेट्रोल पंप पर खड़ा डम्पर ही चोर ले गए. लगातार बढ़ती चोरी की वारदातों से लोगों में असुरक्षा का माहौल निर्मित हो गया है.

तहसील मुख्यालय इछावर की नगर परिषद के दरोगा जितेन्द्र पंवार नगर के वार्ड क्रमांक 9 में रहते हैं. बताया जताा है कि जितेंद्र पंवार परिवार के साथ भोपाल घूमने, फिरने गए थे. इस दौरान मकान में ताला लगा हुआ था. इसी का चोरों ने फायदा उठाया. चोरों ने रात में मकान का ताला तोड़ा और नकदी व जेवरात ले गए . पंवार के अनुसार चोर करीब एक से डेढ़ लाख रुपए नकदी और सात से आठ लाख रुपए के सोने व चांदी के जेवरात ले गए. पुलिस की डॉग स्क्वाड टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की. इसमें मकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरों को देखा तो बाइक पर सवार लोग जाते हुए नजर आए हैं. घटना की सूचना नगर में फैलते ही सनसनी का माहौल बन गया और नगर के कई लोग घटना देखने मौके पर पहुंचने लगे जहां भारी संख्या में लोगों का जमावड़ा देखा गया. बीती रात भाजपा नेता का डम्पर ले गए चोर

बीती रात सोया चौपाल के समीप स्थित एक पेट्रोल पंप पर खड़े डम्पर को बदमाश ले उड़े. मामले की जानकारी मंडी थाना पुलिस को दी गई. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर डम्पर चोरों की तलाश प्रारंभ कर दी है. जानकारी के अनुसार भाजपा नेता व पूर्व मंडल अध्यक्ष ग्राम रायपुरा निवासी बलवंत मेवाड़ा का डम्पर एमपी 37 7006 बीती रात चालक सोया चौपाल स्थित पेट्रोल पंप पर खड़ा करके गया था. बताया जाता है कि देर रात लगभग 12.30 बजे अज्ञात चोर डम्पर को लेकर रफूचक्कर हो गए. उनकी करतूत पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. सुबह जब चालक पंप पर पहुंचा तो उसे डम्पर नजर नहीं आया. उसने इसकी सूचना डम्पर मालिक बलवंत मेवाड़ा को दी. वह भी मौके पर पहुंचे और फिर पुलिस को डम्पर चोरी की वारदात से अवगत कराया. शहर में एक बार फिर डम्पर चोरी की वारदात से पुलिस भी हैरत में पड़ गई, क्योंकि बीते कुछ महीनों में कई डम्पर चोरी जा चुके हैं, जिन्हें पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर आरोपियों को पकड़ा था.

इस मामले में अभी कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है संबंधित पक्ष द्वारा मौखिक सूचना दी गई थी जिसके बाद हमारी टीम घटनास्थल पर पहुंच कर प्रारंभिक जांच कर ली गई है. हमने पूछताछ के लिए संबंधित को थाने बुलाया था लेकिन अभी तक कोई थाने नहीं आया है.

पंकज वाडेकर,
थाना प्रभारी, इछावर

Next Post

RPF ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Sun Jul 6 , 2025
भोपाल. रेल सुरक्षा बल ने भोपाल स्टेशन के अंदर कार और स्कूटी चलाने वालों पर कार्रवाई की है. स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर अवैध रूप से वाहन लाकर सहयात्री को उतारने की घटना पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की गई है. दोनों आरोपियों को उनके वाहनों सहित गिरफ्तार कर लिया. यह […]

You May Like