सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त उछाल दर्ज किया। फिल्म ने शनिवार को करीब 36.7 करोड़ रुपये कमाए और दो दिनों में कुल कलेक्शन 66.7 करोड़ पहुंच गया।
सनी देओल स्टारर वॉर-एक्शन फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ के इस सीक्वल को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म ने पहले ही दिन रिकॉर्ड तोड़ ओपनिंग ली और दूसरे दिन भी कमाई की रफ्तार और तेज हो गई। दो दिनों में ही फिल्म का कुल कलेक्शन 66 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है, जिससे ट्रेड एक्सपर्ट्स भी हैरान हैं।
ट्रेड वेबसाइट सैकनिक (Sacnilk) के मुताबिक ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज के पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 30 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। इस धमाकेदार ओपनिंग के साथ फिल्म ने रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर’ के पहले दिन के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। इसके बाद दूसरे दिन यानी शनिवार को फिल्म ने लगभग 36.7 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की। इस तरह दो दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन करीब 66.7 करोड़ रुपये हो गया है, हालांकि ये आंकड़े शुरुआती हैं और फाइनल रिपोर्ट में बदलाव संभव है।
