
रतलाम। महाराष्ट्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष हिदायतुल्ला पटेल की हत्या के मामले में महाराष्ट्र पुलिस मंगलवार दोपहर रतलाम पहुंची। पुलिस को हत्या की साजिश में शामिल एक आरोपी के रतलाम में छिपे होने की सूचना मिली थी। लेकिन शाम को पुलिस का दल खाली हाथ लोटा।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 जनवरी को महाराष्ट्र के अकोला जिले की अकोट तहसील के मोहला क्षेत्र में हिदायतुल्ला पटेल पर चाकू से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल हिदायतुल्ला पटेल की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने उबेद खान पिता कालू खान उर्फ रजीक खान पटेल (22) अकोट तहसील महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या पुराने विवाद के चलते की गई थी। हालांकि जांच के दौरान पुलिस को आशंका है कि इस हत्याकांड की साजिश में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। इसी क्रम में एक संदिग्ध आरोपी के रतलाम में छिपे होने की जानकारी मिलने पर महाराष्ट्र पुलिस की टीम रतलाम पहुंची। मंगलवार दोपहर महाराष्ट्र पुलिस के जवान सबसे पहले स्टेशन रोड थाना पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद उच्च अधिकारियों के निर्देशन में सब इंस्पेक्टर मुकेश सस्तिया एवं पुलिस बल के साथ टीम महावीर नगर क्षेत्र पहुंची और वहां दो मकानों पर तलाशी ली गई। हालांकि तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा। तलाशी के बाद महाराष्ट्र पुलिस की टीम वापस रवाना हो गई।
