पटेल की जयंती पर आयोजित परेड में उत्तराखंड की झांकी प्रस्तुत करेंगे 14 कलाकार

नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर (वार्ता) लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के सामने आयोजित परेड में उत्तराखंड की झांकी ‘अष्ट तत्त्व और एकत्व’को शामिल किया गया है जिसे राज्य के 14 कलाकार प्रदर्शित करेंगे।
उत्तराखंड सूचना विभाग के अनुसार सरदार पटेल की जयंती ‘एकता दिवस’ के मुख्य समारोह में आयोजित परेड में इस झांकी के जरिए उत्तराखंड के लोक कलाकारों का दल राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत करेगा जिसमें देवभूमि के अध्यात्मिक और प्राकृतिक वैभव के साथ ही संस्कृति और प्रगति के विभिन्न आयामों को प्रदर्शित किया जाएगा।
सूचना विभाग के अनुसार परेड के लिए ‘गृह मंत्रालय भारत सरकार की विशेषज्ञ समिति के परीक्षण के बाद आठ राज्यों झांकी का चयन किया गया है। इसमें आठ तत्त्वों की समरसता और एकता की भावना का प्रतीक उत्तराखंड की झांकी ‘अष्ट तत्त्व और एकत्व’ को शामिल किया गया है। झांकी में उत्तराखंड के दिव्य धार्मिक स्थलों, प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक समृद्धि के साथ ही सतत व समग्र विकास के प्रति प्रगतिशील दृष्टिकोण को प्रदर्शित किया जाएगा।
उत्तराखंड राज्य की झांकी के नोडल अधिकारी एवं सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान के निर्देशन में झांकी का निर्माण कराया जा रहा है। श्री चौहान को दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर कर्तव्यपथ पर आयोजित होने वाली परेड में उत्तराखंड की झांकियों का लंबे सयम से निर्देशन करने का अनुभव हैं।
श्री चौहान ने बताया कि एकता दिवस की झांकी तथा कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुति के संबंध में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एकता परेड में राज्य के लोक कलाकारों का चौदह सदस्यीय दल द्वारा उत्तराखंड के पारंपरिक लोक नृत्य की प्रस्तुति देगा। उन्होंने बताया कि राज्य की टीम द्वारा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के सम्मुख बुधवार को आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल में सफलतापूर्वक प्रतिभाग किया गया।

Next Post

वोट बैंक के लिए देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा है इंडिया गठबंधन : भाजपा

Wed Oct 29 , 2025
नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) पर निशाना साधते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन वोट बैंक के लिए देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। पार्टी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने बुधवार को यहां भाजपा मुख्यालय […]

You May Like