वोट बैंक के लिए देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा है इंडिया गठबंधन : भाजपा

नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) पर निशाना साधते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन वोट बैंक के लिए देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा है।

पार्टी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने बुधवार को यहां भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में असम के श्रीभूमि में कांग्रेस पार्टी की बैठक में पार्टी के बड़े नेता द्वारा बंगलादेश का राष्ट्रगान गाने पर प्रतिक्रिया करते हुए कहा कि इंडिया गठबधंन की एक ही पहचान बन गयी है, “जुबान पर संविधान, पर मन में वोट बैंक की दुकान” । उन्होंने कहा कि कल तक पाकिस्तान को अपना घर बताने वाली कांग्रेस अब बंगलादेश पर मेहरबान हो गयी है।

श्री पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस वोट बैंक की दुकान चलाने के लिये अवैध बंगलादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओं का साथ देने के एजेंडे पर उतर आयी है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी लगातार कई वर्षों से बंगलादेशी घुसपैठियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। इसी अभियान के तहत संप्रग के कार्यकाल में देश में करोड़ों घुसपैठियों को बसाने का काम किया गया। उन्होंने आगे कहा कि अब तो कांग्रेस पार्टी अपने मंच से बंगलादेश का राष्ट्र गान गाकर अपना समर्थन प्रकट करती है।

श्री पूनावाला ने कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि कांग्रेस उस बंगलादेश का राष्ट्रगान गा रही है जिसने हमारे देश के उत्तर पूर्व भाग विशेषकर असम में अराजकता फैलाने की कोशिश की थी। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह घुसपैठिया प्रेम सिर्फ कांग्रेस में ही नहीं बल्कि इंडिया गठबंधन के बाकी दल भी कर रहे हैं। इस होड़ में तृणमूल, कांग्रेस, द्रमुक सभी शामिल हैं।

श्री पूनावाला ने कहा कि इंडिया गठबंधन के दलों में तुष्टिकरण और वोटबैंक के लिए ऐसा करने की होड़ लगी है। जिसके चलते कांग्रेस पार्टी अपने आधिकारिक मंच से घुसपैठियों का समर्थन करती है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि तृणमूल भी जंगलराज और शरिया का राज चाहती है। पश्चिम बंगाल में हिंसा करने वाले, दंगा करने वाले और जंगलराज बनाने वाले लोगों को ममता सरकार खुला संरक्षण देती है।

प्रवक्ता ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा नेताओं पर हमले और मेडिकल छात्रा से दुष्कर्म की घटना पर संविधान बचाने की बात करने वाले कांग्रेस नेता श्री राहुल गांधी एक शब्द भी नहीं बोलते हैं।

 

Next Post

चक्रवाती तूफान मोंथा का असर, बिहार में दो दिनों तक होगी झमाझम बारिश, कई जिलों में अलर्ट जारी

Wed Oct 29 , 2025
पटना, 29 अक्टूबर (वार्ता) बंगाल की खाड़ी में बन रहे गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ का असर अब बिहार तक पहुंचने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने राज्य के कई जिलों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, […]

You May Like