
रीवा। प्रशासनिक नवाचार के तहत ई आफिस व्यवस्था लागू की गई है. अब कार्यालयों के अंदर तथा अन्य कार्यालयों में फाइलों का संचालन ऑनलाइन माध्यम से हो रहा है. ई आफिस व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करके रीवा संभाग में संभागीय रैंकिंग में अक्टूबर माह से लगातार प्रदेश में प्रथम स्थान पर बना हुआ है. इस संबंध में कमिश्नर बीएस जामोद ने बताया कि रीवा संभाग में कुल 12613 फाइलें ई आफिस में क्रिएट की गईं तथा 49683 फाइलों का मूवमेंट हुआ. प्रदेश में दूसरे स्थान पर नर्मदापुरम संभाग है, जिसमें 5097 फाइलों का क्रिएशन तथा 98295 फाइलों का मूवमेंट हुआ है. तीसरे स्थान पर ग्वालियर संभाग है. इसमें 2406 फाइलों का क्रिएशन तथा 24600 फाइलों का मूवमेंट हुआ है. कमिश्नर ने बताया कि प्रदेश स्तर में संभाग और जिलों की सामूहिक रैंकिंग में सभी जिले और संभाग शामिल किए गए हैं. इनकी कुल संख्या 65 है. इस रैंकिंग में रीवा जिला 20वें स्थान पर है. रीवा जिले में 5297 फाइलें क्रिएट हुई हैं तथा 32032 फाइलों का मूवमेंट हुआ है. रैंकिंग में सिंगरौली जिला 38वें, मऊगंज जिला 49वें, सतना जिला 45वें, सीधी जिला 57वें तथा मैहर जिला 58वें स्थान पर है. कमिश्नर ने सभी कलेक्टर्स को ई आफिस प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने तथा सभी जिला कार्यालयों में इसे दृढ़ता से लागू कराने के निर्देश दिए हैं. ई आफिस के माध्यम से कम श्रम और कम समय में फाइलों का मूवमेंट और निराकरण हो रहा है. यह सुशासन को मजबूत करने के लिए सराहनीय पहल है.
