
छतरपुर। नगर के ओरछा रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत नौगांव रोड पर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप स्थित एक पेंट गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही गोदाम से उठता धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग जिस गोदाम में लगी, वह सिरोठिया का बताया जा रहा है। पेंट जैसे ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे पेट्रोल पंप और आसपास के प्रतिष्ठानों को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
प्रशासन और पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। दमकल विभाग की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया, वहीं क्षेत्र में हालात अब सामान्य बताए जा रहे हैं।
