एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक आईसीएसआई के सदस्यों को देगा विशेष बैंकिंग सुविधा

मुंबई, 17 जनवरी (वार्ता) देश के सबसे बड़े लघु वित्त बैंक एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने भारतीय कंपनी सेक्रेटरी संस्थान (आईसीएसआई) के सदस्यों के लिए विशेष बैंकिंग सुविधाओं की घोषणा की है।

एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने बताया कि इसके लिए उसने संस्थान के साथ शनिवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है। इसके तहत आईसीएसआई के सदस्यों को विशेष बैंकिंग और क्रेडिट कार्ड सुविधाएं देने के साथ उन्हें नियुक्तियों में भी प्राथमिकता दी जायेगी।

एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक को हाल ही में रिजर्व बैंक से पूर्ण बैंक में बदलने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी मिली है।

आईसीएसआई के अध्यक्ष धनंजय शुक्ला और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक में ब्रांच बैंकिंग के सर्किल प्रबंधक रजत माथुर ने हस्ताक्षर किये।

संस्थान के सदस्यों को बचत खाता पैकेज प्रदान किया जायेगा जबकि कंपनी सेक्रेटरी के फर्मों को बिजनेस खाता पैकेज के तहत चालू खाता दिया जायेगा। इन खातों पर न्यूनतम बैलेंस की जरूरत नहीं रहेगी। इनके साथ डीमैट खाता खोलने पर कोई वार्षिक शुल्क नहीं लगेगा। घर पर बैंकिंग के तहत महीने में दो बार विजिट की सुविधा होगी। बचत खाते के साथ लॉकर शुल्क में 50 प्रतिशत छूट मिलेगी।

एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने बताया कि इन खातों के साथ जारी डेबिट कार्ड से कंपनी सेक्रेटरी घरेलू हवाई अड्डों पर हर तिमाही में दो बार लॉन्ज तक पहुंच का लाभ उठा सकेंगे। उन्हें प्रतिबद्ध संबंध प्रबंधक की भी सुविधा मिलेगी। साथ ही, बचत खाते पर प्रीमियम क्रेडिट कार्ड और चालू खाते के साथ सावधि जमा पर ओवरड्राफ्ट की सुविधा भी मिलेगी।

जिन पदों के लिए कंपनी सेक्रेटरी योग्य होंगे उन पर नियुक्ति में उन्हें प्राथमिकता दी जायेगी।

 

Next Post

ईयू-मर्कोसुर के बीच होगा व्यापार समझौता

Sat Jan 17 , 2026
पराग्वे, 17 जनवरी (वार्ता/ स्पूतनिक) यूरोपीय संघ (ईयू) दक्षिण अमेरिकी सामान्य बाज़ार मर्कोसुर शनिवार को पराग्वे की राजधानी असुनसियन में अपने लंबे समय से इंतज़ार किये जा रहे व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा हस्ताक्षर समारोह […]

You May Like