भिंड: लहार क्षेत्र के सिद्धेश्वरी मंदिर बिजली घर एरिया से सामने बीती रात करीब ढाई बजे बिजली कर्मचारी एक महिला के घर कनेक्शन काटने पहुंच गए। रात के सन्नाटे में अचानक गेट खटकाने से महिला घबरा गई। जब उसने दरवाजा नहीं खोला तो कर्मचारी दीवार फांदकर छत पर चढ़ने का प्रयास करने लगे। बदमाशों का हमला समझकर महिला ने पथराव कर दिया, जिससे सरकारी वाहन का कांच टूट गया।
बिजली कर्मचारी मौके से भाग खड़े हुए। बिजली घर एरिया, वार्ड क्रमांक 15 निवासी पूनम बघेल पत्नी धर्मसिंह पाल अपने घर में 16 वर्षीय बेटी और एक बेटे के साथ अकेली रहती हैं। उनके पति अहमदाबाद में नौकरी करते हैं। रात करीब ढाई बजे गली के बाहर एक वाहन आकर रुका। वाहन से चार-पांच युवक उतरे और सीधे पूनम बघेल के घर की कुंडी खटकाने लगे। तेज आवाज से महिला की नींद खुल गई, बच्चे भी जाग गए। महिला ने आवाज दी—कौन है? इस पर युवकों ने खुद को बिजली विभाग का बताते हुए दरवाजा खोलने को कहा। महिला ने इतनी रात में दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया। महिला छत पर चढ़ गई और बचाव में ईंट-पत्थर फेंकने लगी। छत से पथराव होता देख बिजली कर्मचारी जान बचाकर भाग खड़े हुए। इस दौरान ईंट-पत्थर सरकारी वाहन पर लगे, जिससे उसका कांच टूट गया।
