
उज्जैन। महाकाल मंदिर में ड्यूटी करने वाले करीब निजी एजेंसी के करीब 100 सुरक्षा गार्डों को अब दर्शनार्थियों से अच्छा व्यवहार करने की ट्रेनिंग दी जा रही है। यह सब आए दिन गार्डों व श्रद्धालुओं में हो रहे विवाद को देखते हुए करना पड़ रहा है। इसके लिए मंदिर प्रबंध समिति ने पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को बुलाया है जो गार्डों को विशेष रूप से ट्रेंड करेंगे।
मंदिर में तैनात सुरक्षा गार्ड आए दिन दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से विवाद करते नजर आते हैं। हाल ही में दर्शन के लिए आए पति-पत्नी ने मोबाइल से फोटो नहीं लेने की बात पर हुए विवाद के बाद दर्शन नहीं करने देने का सुरक्षा गार्डों को पर आरोप लगाया था। हालांकि समिति का कहना है कि उन्होंने विवाद के दौरान दर्शन तो कर लिए थे। लेकिन फिर भी इस तरह की स्थिति नहीं बनना चाहिए इसको ध्यान में रखते हुए समिति ने गार्डों को ट्रेनिंग देने का निर्णय लिया है।
