टी-20 वर्ल्ड कप से पहले वीजा विवाद पर बड़ा खुलासा, पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी क्रिकेटरों का दावा निकला गलत, भारत ने नहीं किया है प्रवेश से इनकार

नई दिल्ली | 15 जनवरी, 2026: आगामी टी-20 विश्व कप 2026 के लिए अमेरिकी क्रिकेट टीम के कुछ पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ियों को वीजा न मिलने की खबरें चर्चा में हैं। अमेरिकी क्रिकेट अधिकारी ने उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है जिनमें कहा गया था कि भारत ने उनके चार खिलाड़ियों को वीजा देने से मना कर दिया है। दरअसल, अमेरिकी तेज गेंदबाज अली खान ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि उन्हें और उनके तीन साथियों—शायन जहांगीर, मोहम्मद मोहसिन और एहसान आदिल को वीजा देने से इनकार कर दिया गया है। हालांकि, बोर्ड अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वीजा के आवेदन प्रक्रिया में देरी हुई है, लेकिन किसी का भी आवेदन आधिकारिक तौर पर रिजेक्ट नहीं किया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, भारत के वीजा नियमों के तहत पाकिस्तान में जन्मे नागरिकों के लिए एक विशेष प्रक्रिया अपनाई जाती है, जिसके कारण इसमें सामान्य से अधिक समय लगता है। इस समस्या से केवल अमेरिका ही नहीं, बल्कि यूएई, ओमान, नेपाल, कनाडा, इंग्लैंड, जिम्बाब्वे और नीदरलैंड्स जैसी लगभग आठ टीमें प्रभावित हो रही हैं, जिनके बेड़े में पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी शामिल हैं। एक प्रभावित खिलाड़ी ने स्वयं स्वीकार किया है कि वीजा आवेदन अभी ‘इन-प्रोसेस’ है और रद्द होने की खबरें महज एक गलतफहमी थी। आईसीसी और भारतीय अधिकारियों के बीच इस तकनीकी मुद्दे को सुलझाने के लिए लगातार बातचीत जारी है।

विश्व कप के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने एक सक्रिय भूमिका निभाई है। आईसीसी सूत्रों के अनुसार, सभी संबंधित भारतीय दूतावासों और हाई कमीशन को विशेष निर्देश भेजे गए हैं कि वे पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ियों के वीजा मामलों को ‘स्पेशल केस’ के तौर पर देखें। अधिकारियों को उम्मीद है कि 7 फरवरी से शुरू होने वाले टूर्नामेंट से काफी पहले सभी खिलाड़ियों की वीजा प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में होने वाले इस महाकुंभ में किसी भी टीम की भागीदारी बाधित न हो, इसके लिए राजनयिक स्तर पर तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं।

Next Post

उज्जैन प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ यादव ने निर्माणाधीन गीता भवन का किया अवलोकन

Thu Jan 15 , 2026
उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गुरुवार को उज्जैन प्रवास के दौरान निर्माणाधीन गीता भवन का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने भवन निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने गीता भवन को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए समय-सीमा […]

You May Like