सतना : प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का स्टॉक रखने से लेकर ब्रिकी पर रोक लगाने से संबंधित आदेश एसडीएम द्वारा पहले ही जारी कर दिया गया था. लेकिन इसके बावजूद भी कुछ लोग चोरी छिपे इसे बेचने में लगे हुए थे. जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए 6 दुकानदारों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया गया.प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के कोठी थाना पुलिस को इस बात की सूचना मिली कि कुछ दुकानदार चाइनीज मांझे की ब्रिकी कर रहे हैं.
जिसे देखते हुए पुलिस टीम ने गैवी चौराहे पर वीरेंद्र कुमार गुप्ता और चौक बाजार क्षेत्र में सुनील लखेरा के यहां छापेमारी की. दोनों ही स्थानों पर चाइनीज मांझे की बिक्री होती देख पुलिस द्वारा उक्त मांझे के स्टॉक को जब्त कर लिया गया. इसके साथ ही दोनों दुकानदारों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई. इसी कड़ी में चित्रकूट थाने की पुलिस टीम द्वारा नयागांव वार्ड 7 निवासी छेदानी साहू के पास से चाइनीज मांझे की 11 नग पिंडी बरामद की गई.
जिसकी कीमत 9 सौ रु आंकी गई. इसके साथ ही अज्जू साहू के पास से चाइनीज मांझे की 12 नग छोटी बड़ी पिंडी बरामद की गई. जिसकी कीमत 8 सौ रु आंकी गई. दोनों दुकानदारों के विरुद्ध धारा 223 बी बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर लिया गया. इसी कड़ी में सिविल लाइन पुलिस द्वारा भी सोहावल क्षेत्र में जांच करते हुए चाइनीज मांझा बेचते पाए जाने पर अशोक गुप्ता के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई. इसके अलावा सिटी कोतवाली थाना पुलिस द्वारा प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचते पाए जाने पर पुष्पेंद्र गुप्ता निवासी साईं मंदिर धवारी के विरुद्ध कार्रवाई की गई.
