सतना :महादेवा रोड धवारी क्षेत्र में पखवाड़े भर पहले फायरिंग और रॉड-डंडे से जानलेवा हमला कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक विधि विरुद्ध बालक को गिरफ्तार कर लिया.महादेवा रोड धवारी क्षेत्र में 1 जुलाई की शाम कैलाश पयासी की दुकान पर फायरिंग करने और रॉड डंडे से जानलेवा हमला कर दहशत फैलाने की घटना सामने आई थी. इस मामले में पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी समेत आधा दर्जन आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है.
वहीं घटना में शामिल रहे अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश जारी है. इसी कड़ी में साइबर सेल से मिले इनपुट के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय कर दिया. इसी दौरान तैयार पुलिस टीम सोहावल बाईपास पर पहुंच गई. जहां पर एक नाबालिग लडक़े को पकड़ लिया गया. कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी के अनुसार पकड़ा गया नाबालिग भी महादेवा रोड पर हुई घटना में शामिल था.
नाबालिग को किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया. जहां से उसे बाल सुधार गृह रीवा भेज दिया गया. गौरतलब है कि महादेवा रोड गोलीकाण्ड मामले में पुलिस द्वारा अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. जिसमें जतिन तिवारी, अंशुमान सिंह, धीरु उर्फ धीरेंद्र सिंह, बेटू उर्फ चंद्रप्रकाश मिश्र, अमित उर्फ दीपू उर्मलिया, शुभम पाण्डेय और एक नाबालिग शामिल है. कोतवाली थाना प्रभारी के अनुसार घटना में शामिल रहे फरार अन्य आरोपियों की भी सरगर्मी से तलाश की जा रही है.
