नयी दिल्ली, 01 जून (वार्ता) दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने सोमवार को कहा कि सभी विद्यालयों को मार्च 2027 तक अपने परिसरों को ‘जीरो वेस्ट कैंपस’ में बदलने के लक्ष्य के साथ कार्य करना चाहिए।
श्री सूद ने यहां जनकपुरी में सीएम श्री स्कूल में आयोजित संवाद कार्यक्रम में सरकारी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और विद्यालय प्रमुखों के साथ चर्चा की। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाओं, डिजिटल पुस्तकालयों, आईसीटी लैब, भाषा प्रयोगशालाओं और व्यावसायिक शिक्षा प्रयोगशालाओं के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों, खेल सुविधाओं, स्वच्छ पेयजल, शौचालयों और डिजिटल शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा निदेशालय के सभी विद्यालयों को मार्च 2027 तक अपने परिसरों को ‘जीरो वेस्ट कैंपस’ में बदलने के लक्ष्य के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने विद्यालयों को कचरा पृथक्करण, पुनर्चक्रण, कम्पोस्टिंग और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग जैसी सतत प्रक्रियाओं को अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस उत्साहपूर्वक मनाने और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पूरे मानसून सीजन में वृक्षारोपण जारी रखने का आह्वान किया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम विचारों के आदान-प्रदान का प्रभावी मंच हैं और दिल्ली सरकार सभी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, समावेशी तथा भविष्य उन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
