चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में खिलौना विक्रेता पटरी पर गिरा गंभीर रूप से घायल

सतना।रेलवे स्टेशन में चलती ट्रेन से नीचे उतरने के प्रयास में संतुलन बिगड़ने से खिलौना विक्रेता पटरी पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया. मौके पर पहुंची आरपीएफ की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां उसका इलाज जारी है.आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान कमलेश साहू उम्र 19 वर्ष पुत्र गणेश साहू, निवासी सेमरिया जिला रीवा के रूप में हुई है.

कमलेश ट्रेनों में घूम-घूमकर खिलौने बेचने का काम करता है. मंगलवार देर शाम वह कटनी से ट्रेन में सवार होकर सतना आ रहा था. बताया जा रहा है कि ट्रेन की बोगी में अत्यधिक भीड़ होने के कारण वह सतना स्टेशन पर तय समय पर नीचे नहीं उतर सका, जिसकी वजह से ट्रेन प्लेटफॉर्म से आगे निकल गई. प्लेटफॉर्म निकल जाने के बाद हड़बड़ाहट में कमलेश ने रीवा छोर की ओर यार्ड लाइन के पास चलती ट्रेन से ही उतरने की जोखिम भरी कोशिश की. इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पटरी पर आ गिरा.

आरपीएफ ने पहुंचाई समय पर मदद
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ के एएसआई अनिल कुमार अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. जवानों ने मानवता और मुस्तैदी का परिचय देते हुए स्ट्रेचर की मदद से घायल युवक को सुरक्षित प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया. इसके बाद एम्बुलेंस के जरिए उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया. साथ ही, रेलवे पुलिस ने युवक के परिजनों को भी इस हादसे की सूचना दे दी है.

Next Post

पालदा की पुलिया से बह रहा काला पानी, सफेद झाग और असहनीय दुर्गंध

Thu Nov 12 , 2026
इंदौर: पालदा के औद्योगिक क्षेत्र में पुलिया से बहता काला पानी, सफेद झाग और असहनीय दुर्गंध औद्योगिक अपशिष्ट प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं. सरकारी रिकॉर्ड में प्रदूषणकारी इकाइयों और कार्रवाई का जिक्र है, फिर निगरानी कहां है.वार्ड 75 में पालदा नाका से कुमार भट्टी के बीच पुलिया […]

You May Like