नगर परिषद के कर्मचारी का पार्क में लटका मिला शव

सतना :जिले के नागौद क्षेत्र में बुधवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब रामना ग्राउण्ड स्थित पार्क में एक व्यक्ति का शव पेड़ पर लटका दिखाई दिया. मृतक की पहचान नगर परिषद के कर्मचारी के तौर पर हुई. वहीं घटना से आक्रोशित परिजनों ने देवेंद्र नगर थाने में तैनात एक पुलिस आरक्षक द्वारा प्रताडि़त किए जाने के गंभीर आरोप लगाते हुए शव को मार्ग पर रख कर चक्काजाम कर दिया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद नागौद में पदस्थ कर्मचारी सुदामा कोरी निवासी नागौद हर रोज की तरह बुधवार की सुबह भी अपनी ड्यूटी करने के लिए रामना ग्राउण्ड स्थित पार्क में गए हुए थे. लेकिन कुछ समय बाद ही उनका शव पार्क में मौजूद शीशम के पेड़ पर फंदे से लटकता देख आस पास के लोगों के बीच हडक़ंप मच गया. आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही मृत नगर परिषद कर्मचारी के परिजन भी मौके पर पहुंच गए.

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया गया. जब शव को पेड़ से नीचे उतारा गया तो मृतक के हाथ में पेन से कुछ लिखा नजर आया. जब पुलिस और फोरेंसिक टीम ने ध्यान से देखा तो हाथ में यह लिखा नजर आया कि देवेंद्र नगर के आशीष कोरी के पीछे जान दे रहा हूं, मेरे घर परिवार को कुछ नहीं होना चाहिए. यह जानकारी सामने आते ही परिजन भडक़ गए. परिजनों ने कहा कि देवेंद्र नगर थाने में पदस्थ पुलिस आरक्षक आशीष कोरी द्वारा दी गई प्रताडऩा के कारण ही सुदामा ने अपनी जान दे दी.

परिजनों के आक्रोश और पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप सामने आने पर मौके पर मौजूद पुलिस टीम भी कुछ देर के लिए बैकफुट पर आती नजर आई. इसी दौरान आक्रोशित परिजनों ने मृतक सुदामा के शव को नागौद-जसो मार्ग पर रख दिया और चक्काजाम करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया. आक्रोशित परिजन पुलिस आरक्षक अशीष कोरी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे. मामले की गंभीरता को देखते हुए आस पास के 5 थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया.

इसी कड़ी में एसडीओपी नागौद भी मौके पर पहुंच गए और परिजनों से चर्चा शुरु की. लेकिन परिजनों ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक पुलिस आरक्षक के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होती तब तक वे मृतक के शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे. इस बात को लेकर पुलिस और परिजनों के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई. जिसके चलते लगभग दो घंटे तक गतिरोध बना रहा. पुलिस द्वारा जब घटना की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया तब कहीं जाकर परिजन मार्ग से हटने को राजी हुए. जिसके बाद पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया.
आरक्षक पर चल रहा है केस
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार नगर परिषद कर्मी सुदामा के पिता बाबूलाल कोरी द्वारा लगभग साल भर पहले आत्महत्या कर ली गई थी. उक्त मामले में पुलिस आरक्षक आशीष कोरी के विरुद्ध धारा 306 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज हुआ था. जिसकी सुनवाई चल रही थी. उक्त मामले में मंगलवार को गवाही हुई थी. जिसमें गवाही देने के लिए आरक्षक आशीष देवेंद्र नगर से नागौद आया था. परिजनों का आरोप है कि आरक्षक आशीष द्वारा सुदामा कोरी को केस वापस लेने के लिए बुरी तरह प्रताडि़त किया जा रहा था. इसी कड़ी में आशीष द्वारा मंगलवार को भी सुदामा को फोन करते हुए धमकाया गया. इसी प्रताडऩा से तंग आकर सुदामा द्वारा फांसी लगाकर जान दे दी गई

Next Post

दिल्ली में आज घोषित होंगे स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार

Thu Jul 17 , 2025
इंदौर: आज स्वच्छता सर्वेक्षण और स्वच्छता लीग के पुरस्कार घोषित होंगे. दिल्ली में राष्ट्रपति द्वारा विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में विजेता शहरों को पुरस्कृत किया जाएगा. इंदौर में उक्त पुरस्कार समारोह का लाइव प्रसारण  राजबाड़ा और नगर निगम परिसर में किया जाएगा.स्वच्छता सर्वेक्षण और स्वच्छता लीग 2024 के पुरस्कारों […]

You May Like