
मंदसौर। सैनिक स्कूल मंदसौर में भव्य ‘वर्दी सेरेमनी’ बड़े उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। विद्यालय की स्थापना (2022) से अब तक की उपलब्धियों का संक्षिप्त विवरण वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से संस्थान प्रबंधक सुनील शर्मा ने दिया।
कक्षा 6 के नवीन सैन्य छात्रों को विशेष अतिथियों द्वारा कैप पहनाकर शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष श्री रविन्द्र कान्हेरे ने कहा कि सैनिक स्कूल के कैडेट्स देश की तीनों सेनाओं में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित में संपूर्ण समर्पण का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्या भारती मध्य क्षेत्र के सह मंत्री एवं भारतीय आदर्श शिक्षण समिति अध्यक्ष श्री प्रकाश धनगर ने की। उन्होंने कहा कि ज्ञान और शक्ति दोनों में समृद्ध होना ही देश निर्माण का आधार है।
कैडेट्स द्वारा समूह गीत व नाटिका जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया। अंत में आभार प्रदर्शन व ‘वंदे मातरम’ के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समिति पदाधिकारी, शिक्षाविद, अभिभावक व विद्यालय परिवार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
