इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र में महिला से मारपीट और अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है. ड्यूटी पर लाने ले जाने से मना करने पर एक ऑटो चालक ने महिला कर्मचारी से गाली गलौज करते हुए न सिर्फ जान से मारने की धमकी दी, बल्कि अस्पताल के स्टाफ के साथ मारपीट कर ड्रेसिंग रूम का कांच भी तोड़ दिया. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है.
फरियादी श्वेता जैन, उम्र 37 वर्ष, निवासी महालक्ष्मी नगर ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है. फरियादी ने बताया कि वह महाराणा प्रताप अस्पताल में कार्यरत है. सतीश जैन उर्फ गोलू नामक व्यक्ति पूर्व में उसे रोज अपने ऑटो से ड्यूटी पर लाने और ले जाने का काम करता था, लेकिन दो तीन दिन पहले उसने यह सुविधा लेने से मना कर दिया था. फरियादी ने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब 12.30 बजे आरोपी अस्पताल परिसर में पहुंचा और इसी बात को लेकर गुस्से में आ गया.
आरोपी ने महिला कर्मचारी को मां बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद आरोपी ने अस्पताल के ड्रेसिंग रूम के गेट के पास रखा फुट स्टेप उठाकर गेट के कांच पर दे मारा, जिससे कांच टूट गया और नुकसान हुआ. इतना ही नहीं, आरोपी ने फरियादी के साथ साथ मौके पर मौजूद स्टाफ सदस्य सौरभ बंसल और गार्ड लालता प्रसाद के साथ भी हाथ मुक्कों से मारपीट की. घटना से अस्पताल परिसर में अफरा तफरी मच गई. थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर का कहना है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
