
इंदौर. हॉटस्पॉट चेकिंग के दौरान छत्रीपुरा पुलिस ने गंगवाल बस स्टैंड के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब की खेप पकड़ी. आरोपी चार कार्टूनों में भरकर शराब लेकर खड़ा था और उसे जिले से बाहर सप्लाई करने की तैयारी में था. मौके से पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया.
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंगवाल बस स्टैंड स्थित पैशाब घर के पास एक व्यक्ति चार कागज के कार्टूनों के साथ संदिग्ध हालत में खड़ा है. सूचना की तस्दीक के बाद थाना छत्रीपुरा पुलिस ने दबिश दी. तलाशी में चार कार्टूनों से ओल्ड मोंक और मैकडोनल्ड कंपनी के 1004 क्वार्टर बरामद हुए, जिनकी बल्क मात्रा 180.72 लीटर पाई गई. जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपए आंकी गई है. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित पिता मूलचंद्र राय उम्र 27 वर्ष निवासी 71, गरीब नवाज कॉलोनी, छोटा बांगड़दा इंदौर के रूप में हुई है. पुलिस आरोपी से शराब कहां से लाई गई और किन किन जगहों पर सप्लाई की जानी थी, इस संबंध में पूछताछ कर रही है.
