
मंदसौर। कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने उद्यानिकी महाविद्यालय, मंदसौर में अंतर महाविद्यालयीन युवा उत्सव, कलाकुंभ का शुभारंभ किया। इस युवा उत्सव में राजमाता विजयाराजे सिंधिया, कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर के अतंर्गत आने वाले कृषि महाविद्यालय ग्वालियर, कृषि महाविद्यालय इंदौर, कृषि महाविद्यालय सीहोर, कृषि महाविद्यालय खण्डवा एवं उद्यानिकी महाविद्यालय मंदसौर के विद्यार्थीयों ने सहभागिता की । युवा उत्सव की लगातार दूसरी बार मैजबानी करने वाले उद्यानिकी महाविद्यालय, मंदसौर के उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग ने औषधीय फसलों का क्लस्टर देखा। कलेक्टर ने काॅलेज के दिनों को याद करते हुए विद्यार्थीयों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ने का आव्हान किया। इसके साथ ही उनके द्वारा बाहदरी प्रक्षेत्र पर भ्रमण कर अफीम परियोजना एवं छात्रों के रिसर्च ट्रायल भी देखे। इस अवसर पर उन्होने प्रतिभागियों की मांग पर श्री रामधारी दिनकर की एक मनमोहक कविता सुनाई। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डाॅ. जे.एस. दुबे, प्राचार्य राजीव गांधी, पी.जी. काॅलेज, मन्दसौर ने छात्रों को अनुशासन का महत्व बताया, एवं हरे पौधे की जड़ में औषधीय गुणों को बताया। उद्यानिकी महाविद्यालय, मंदसौर के अधिष्ठाता एवं कार्यक्रम के आयोजक डाॅ. आई एस तोमर ने नीमच मण्डी को मालवा के क्षेत्र के लिए सौगात बताते हुए कहा कि नीमच मण्डी में सभी प्रकार के जडी-बूटी, मसाले इत्यादि को यहां खरीदा एवं बेचा जा सकता है। साथ ही महाविद्यालय की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया। युवा उत्सव में पहले दिन साहित्य एवं ललित कला से जुड़ी गतिविधियां सम्पन्न कराई गई।
