
शिवपुरी। जैकेट के लिए शिवपुरी पूरे देश में प्रसिद्ध हो गया है। इसे एक जिला एक उत्पाद में भी शामिल किया गया है। अडानी ग्रुप ने 10 करोड़ का सीएसआर फंड देकर जैकेट फैक्ट्री लगाई है। जैकेट फैक्ट्री 20 जनवरी तक बनकर तैयार हो जाएगी। पहले चरण में 500 महिलाओं को रोजगार मिलेगा। दूसरे और तीसरे चरण सहित कुल 1500 महिलाओं को जैकेट कारोबार से जोड़कर रोजगार के अवसर पैदा किए जा रहे हैं। जैकेट फैक्ट्री को लेकर यह जानकारी केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कलेक्ट्रेट शिवपुरी में प्रेस को दी।
बदरवास तहसील के बूढ़ा डोंगर गांव में जमीन आवंटित कराकर जैकेट फैक्ट्री का निर्माण कराया जा रहा है। फैक्ट्री के लिए 160 मशीनें भी आ चुकी हैं। ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित समूहों की करीब 400 महिलाओं को जैकेट सिलने की ट्रेनिंग भी दी जा चुकी है। इसमें बदरवास और कोलारस दोनों ब्लॉक की महिलाओं को शामिल किया गया है। फैक्ट्री खुलने के साथ ही ट्रेनिंग का सिलसिला जारी रहेगा। बदरवास में महिलाओं द्वारा बनाई जाने वाली जैकेट विदेश भी भेजी जाएंगी।
