
नवभारत न्यूज
दमोह. शहर के देहात थाना क्षेत्र में आने वाली लोको क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक बजे एक लापरवाह स्कार्पियो चालक ने एक महिला को टक्कर मार दी. जिसमें महिला की मौके पर मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि कार चालक ने अधिक शराब पी रखी थी और काफी तेज गति से कार चला रहा था. इस बात का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि कार महिला को टक्कर मारने के बाद पास में बने शहनाई मैरिज गार्डन की दीवार तोड़ते हुए भीतर घुस गई. परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस हादसे में चालक को भी चोट आई थी, जो अपना इलाज करा कर अस्पताल से कहीं चला गया है. मृतक नन्नीबाई 45 वर्ष के बेटे राजा सेन ने बताया कि आरोपित कार चालक बिट्ठल ठाकुर जो की पथरिया फाटक के पास रहता है. इतनी बड़ी घटना को अंजाम देने के बाद उन्हें धमका रहा था कि वह सिद्धार्थ मलैया का व्यक्ति है उसका कोई कुछ नहीं कर सकता. महिला के भतीजे नेकनारायण सेन ने बताया कि उनकी चाची अपने काम से घर लौट रही थी, तभी आरोपी कार चालक ने टक्कर मार दी. मैं अपनी चाची को उठाने लगा, तो आरोपी ने धमकी दी कि मुझे भी उठाओ. हमने डायल हंड्रेड को कॉल भी किया और हम अस्पताल आ गए. महिला के शव को शव ग्रह में रखवा दिया गया था, देहात थाना पुलिस को खबर कर दी गई, मौके पर देहात थाने से प्रधान आरक्षक लखन ने पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कार्रवाई कर मर्ग कायम कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है.