उत्तर प्रदेश में ठंडी पछुआ हवाओं से तापमान में गिरावट जारी

लखनऊ 23 नवम्बर (वार्ता) भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि पछुआ एवं उत्तरी–पश्चिमी दिशाओं से पुनः शुरू हुई ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण तापमान में क्रमिक गिरावट दर्ज की जा रही है। आगामी दो-तीन दिनों के दौरान अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में दो–तीन डिग्री सेल्सियस तक की और कमी होने की संभावना है, जिससे प्रदेश में ठंड का प्रभाव और बढ़ेगा।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ एके सिंह केअनुसार सुबह के समय राज्य के पश्चिमी अंचलों एवं भाभर–तराई क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बन सकती है। दिन चढ़ने पर कोहरा छंटने के बावजूद कई स्थानों पर हल्की धुंध बनी रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।

आज सुबह प्रदेश के कई जनपदों में कोहरे की तीव्रता के अलग-अलग स्तर दर्ज किए गए। जिनमें बरेली में दृश्यता 00 मीटर और मुरादाबाद में 50 मीटर के साथ घना कोहरा छाया रहा। इसी तरह कानपुर में दृश्यता 100 मीटर दर्ज की गई, जो घने कोहरे की श्रेणी में आती है। वही आगरा, गोरखपुर और अमेठी में मध्यम कोहरा, जबकि अयोध्या, कुशीनगर, वाराणसी, आजमगढ़, अलीगढ़ और प्रयागराज में हल्का कोहरा देखने को मिला।

राजधानी लखनऊ में सुबह दृश्यता 600 मीटर रही, जो हल्का कोहरा रहा। मौसम विभाग ने नागरिकों को सुबह के समय यात्रा करते समय सावधानी बरतने, वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखने एवं हेडलाइट–फॉग लाइट का उपयोग करने की सलाह दी है। साथ ही बच्चों एवं बुजुर्गों को ठंड से बचाव हेतु विशेष सावधानी रखने की अपील की गई है।

 

 

Next Post

सिंधी समाज की उद्यमशीलता और सेवा भावना ने भारत की सामाजिक और आर्थिक शक्ति का आधार बनाया: ओम बिरला

Sun Nov 23 , 2025
नयी दिल्ली, 23 नवंबर (वार्ता) लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को कहा कि सिंधी समाज ने अपनी सेवा भावना और अटूट सांस्कृतिक प्रतिबद्धता के साथ भारत के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। श्री बिरला ने यह बात यहां विज्ञान भवन में विश्व सिंधी […]

You May Like