नयी दिल्ली, 23 नवंबर (वार्ता) लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को कहा कि सिंधी समाज ने अपनी सेवा भावना और अटूट सांस्कृतिक प्रतिबद्धता के साथ भारत के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
श्री बिरला ने यह बात यहां विज्ञान भवन में विश्व सिंधी हिंदू फाउंडेशन ऑफ एसोसिएशन्स (वीएसएचएफए) के “सशक्त समाज – समर्थ भारत” कार्यक्रम में कही।
श्री बिरला ने सिंधी समाज की सामूहिक शक्ति और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज उन आदर्शों का प्रतीक है जो समर्थ भारत की नींव हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस समाज के लोगों ने व्यवसाय, उद्योग, बैंकिंग, सेवाओं और नई प्रौद्योगिकी में लगातार उत्कृष्ट कार्य किया है, जिससे लाखों लोगों को आजीविका प्राप्त हुई है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि उन्हें सफलता केवल आर्थिक कुशलता के कारण नहीं, बल्कि विश्वास, सहयोग और नैतिक आचरण जैसे मूल्यों के कारण मिली है और ये ऐसे गुण हैं जो देश की प्रगति में बहुत बड़ा योगदान देते हैं।
श्री बिरला ने कहा कि भारत की ताकत उसकी विविधता में है। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के राष्ट्रीय सपने को साकार करने के लिए सभी समुदायों के बीच एकता, तालमेल और परस्पर सम्मान की भावना आवश्यक है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज सेवा और सामुदायिक कल्याण में सिंधी समाज के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए समावेशी विकास और सामाजिक उत्थान के प्रति उनके समर्पण पर भी प्रकाश डाला ।
इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता भी मौजूद थीं।
