
भैरुंदा/रेहटी। वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए जारी अभियान के तहत भैरूंदा और रेहटी पुलिस को सफलता मिली है. पुलिस ने बाइक चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं,
जानकारी के अनुसार 17 अगस्त को अमर पिता दीपक सिंह ने भैरूंदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बस स्टैंड प्रतीक्षालय के पास से अज्ञात आरोपी उसकी बाइक चोरी कर ले गया. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की. जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान रामविलास साहू उर्फ कल्लू पिता मदनलाल साहू निवासी कन्नौद जिला देवास के रूप में की. आरोपी को गिरफ्तार कर बाइक बरामद की.
इसी तरह रेहटी पुलिस ने बाइक चोरी की तीन वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों छोटू उर्फ सुमित और महेश दोनों निवासी खनपुरा खेड़ा, थाना रेहटी को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपियों ने बनियागांव, ढाबा एवं प्रतापपुरा से बाइक चोरी करना स्वीकार किया. आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की तीन बाइक बरामद की गई. दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई. कार्रवाई में भैरूंदा थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम दांगी के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक लोकेश रघुवंशी, लोकेश जाट एवं आरक्षक रविंद्र मेहर का योगदान रहा. वहीं रेहटी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हिमलेन्द्र पटेल, बीएस सिकरवार, जयनारायण शर्मा सहित पुलिस टीम और साइबर सेल की भूमिका रही.
