
ब्यावरा। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में ब्यावरा सहित अन्य स्थानों पर हिन्दू सम्मेलन आयोजित किए गये. इस दौरान जातपात का भेद मिटाकर सभी ने एकसाथ सामुहिक रुप से भोज किया.
रविवार को ब्यावरा में सकल हिंदू समाज द्वारा आठ बस्तियों में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया. शोभायात्राएं निकाली गई. बड़ी संख्या में नागरिकों ने शामिल होकर आयोजन में अपनी सहभागिता निभाई. नगर में विश्वनाथ बस्ती, महाराणा प्रताप बस्ती, वृंदावन बस्ती, बालाजी बस्ती, सुभाष बस्ती, बिहार की बस्ती, अंजनीलाल बस्ती और वाल्मीकि बस्ती में हिन्दू सम्मेलन आयोजित किए गये. प्रमुख मार्गो से होते हुए शोभायात्राएं हिन्दू सम्मेलन स्थल पर पहुंची.
संघ की यात्रा अनुशासन और सेवा आधारित
सम्मेलनों में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों, साधु-संतों और प्रमुख वक्ताओं ने संघ की सौ वर्षों की राष्ट्रसेवा यात्रा, संगठन पद्धति तथा समाज परिवर्तन के लिए पंच परिवर्तन विषय पर मार्गदर्शन दिया. महाराणा प्रताप बस्ती में आयोजित हिंदू सम्मेलन में भारतीय किसान संघ के प्रांत संगठन मंत्री भारत पटेल ने मुख्य वक्ता के रूप में कहा कि संघ की यात्रा अनुशासन, अध्ययन और सेवा आधारित रही है. संघ की कार्य पद्धति को देखकर आज उसके विरोधी भी उसकी सराहना करने लगे है. संघ के खिलाफ नकारात्मक वातावरण बनाने वाले तत्व आज संगठन की मजबूती और विचारधारा के सामने पस्त हो चुके है.
सुभाष बस्ती में क्षेत्र व्यवस्था प्रमुख सुरेश जैन मुख्य वक्ता रहे. उन्होंने संघ के सौ वर्ष के इतिहास और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान पर प्रकाश डाला.विश्वनाथ बस्ती में प्रमोद पवार ने हिंदुत्व और पंच परिवर्तन पर विचार रखे. वाल्मीकि बस्ती में विभाग कार्यवाह धर्मेंद्र शर्मा ने समाज परिवर्तन में नागरिकों की भूमिका पर जोर दिया. वृंदावन बस्ती में प्रांत सह व्यवस्था प्रमुख रामवीर कौरव ने कहा कि देश एक घर के समान है और जातियां उसके कक्ष है, जब तक देश सुरक्षित है तभी समाज सुरक्षित रह सकता है. बालाजी बस्ती में प्रांत समरसता प्रमुख लक्ष्मीनारायण चौहान, बिहारीजी बस्ती में सेवा भारती संगठन मंत्री रामेंद्र सिंह तथा अंजनीलाल बस्ती में मजदूर संघ के संगठन मंत्री निरंजन कुमार ने सम्मेलन को संबोधित किया. सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी.
