नौगांव में धोर्रा हनुमान मंदिर के पास निर्माणाधीन तरुण द्वार गिरा, एक मजदूर की मौत, तीन घायल

छतरपुर। जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। नौगांव कस्बे में उत्तर प्रदेश सीमा से सटे प्रसिद्ध धोर्रा हनुमान मंदिर के पास निर्माणाधीन तरुण द्वार अचानक गिर गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे की चपेट में आ गए। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा बीती शाम हुआ, जब तरुण द्वार का निर्माण कार्य जारी था। स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक द्वार का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मलबे में दबे मजदूरों को आसपास मौजूद लोगों ने बाहर निकालने का प्रयास किया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया। नौगांव थाना प्रभारी बाल्मिक चौबे ने बताया कि हादसे में मृत मजदूर की पहचान राम मिलन (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं घायल मजदूरों में भान प्रताप कुशवाहा (45), धर्मेंद्र अहिरवार (35) और संतोष अहिरवार (35) शामिल हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि निर्माणाधीन द्वार मंदिर परिसर से कुछ दूरी पर बनाया जा रहा था और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के बाद काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची, जिसके चलते घायलों को निजी टैक्सियों के माध्यम से अस्पताल भेजना पड़ा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Next Post

अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरी कार

Sun Jan 11 , 2026
बुधनी। थाना क्षेत्र अंतर्गत बीती देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. भोपाल की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार टीटीसी शिव मंदिर के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी. कार में करीब पांच लोग सवार थे. गनीमत रही कि कार में सवार लोगों […]

You May Like