बुधनी। थाना क्षेत्र अंतर्गत बीती देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. भोपाल की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार टीटीसी शिव मंदिर के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी. कार में करीब पांच लोग सवार थे. गनीमत रही कि कार में सवार लोगों को गंभीर चोट नहीं आई. उन्हें पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.
जानकारी के अनुसार टीटीसी के समीप तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतर गई. बताया जाता है कि सामने से आ रहे एक ट्रक की तेज रोशनी से चालक की आंखें चौंधिया गईं, जिससे कार सड़क किनारे लगे पेड़ों से टकराते हुए नीचे जा गिरी. इस हादसे में कार सवार सभी लोग घायल हो गए. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया. सभी घायल नर्मदापुरम जिले के निवासी बताए जा रहे हैं जो भोपाल की ओर जा रहे थे. दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है. घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है. पुलिस ने प्रकरण कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है.
