
आलीराजपुर। मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाने के निर्णय के तहत प्रदेशभर में कृषि रथ का संचालन किया जाएगा। इसका राज्य स्तरीय शुभारंभ 11 जनवरी 2026 को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जाएगा। इसी दिन जिले में एवं विकासखंड मुख्यालयों पर भी कृषि रथ का शुभारंभ किया जाएगा।
इस संबंध में आज कलेक्टर कक्ष में कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि अधिकारियों द्वारा बताया गया कि कृषि रथ का उद्देश्य किसानों, कृषि वैज्ञानिकों तथा कृषि एवं संबद्ध विभागों पशुपालन, उद्यानिकी एवं मत्स्य पालन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर नवीन एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की जानकारी किसानों तक पहुँचाना है।
कृषि रथ जायद, खरीफ एवं रबी फसलों की बुआई से एक माह पूर्व प्रत्येक विकासखंड में संचालित किए जाएंगे।प्रत्येक कृषि रथ प्रतिदिन तीन ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेगा तथा एक माह में विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों तक पहुँचेगा।
कृषि रथ के माध्यम से किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन, कीट एवं रोग प्रबंधन, फसल विविधीकरण, कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के उपाय, विभागीय योजनाएं, प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना, ई-टोकन उर्वरक वितरण व्यवस्था तथा पराली प्रबंधन से संबंधित योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी। कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर द्वारा कृषि रथ के प्रभावी संचालन की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस अभियान से जिले के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त होगी तथा कृषि को अधिक लाभकारी बनाने में सहायता मिलेगी।
इस दौरान बैठक में कृषि विभाग उप संचालक श्री सज्जन चौहान, उद्यानिकी विभाग श्री कैलाश चौहान, परियोजना संचालक आत्मा श्री दादू मोरे, महिला बाल विकास जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री मोनिका बघेल,जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री राजेश अतुलकर, पशुपालन, मत्स्य पालन, कृषि विज्ञान केंद्र सहित समस्त संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
