भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने आज इंदौर में दूषित पेयजल से हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने दावा किया कि अब तक करीब 20 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि केवल चार पीड़ित परिवारों को दो-दो लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है, जो अत्यंत अपर्याप्त है।उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना गटर का दूषित पानी पिलाए जाने से जुड़ी है और इसकी शिकायतें पिछले छह महीनों से लगातार मिल रही थीं, लेकिन न तो नगर निगम और न ही प्रदेश सरकार ने समय रहते संज्ञान लिया।
उन्होंने कहा कि हैजे का बैक्टीरिया पाए जाने के बावजूद विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) को सूचना नहीं दी गई, जो गंभीर लापरवाही है।नायक ने सरकार पर जनता की भावनाओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाया और कहा कि जिम्मेदार लोगों को तत्काल पद से हटाया जाए। साथ ही मृतकों के परिजनों को दो-दो करोड़ रुपये मुआवजा, दोषियों पर हत्या के मुकदमे दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की। नायक ने पत्रकार वार्ता में बताया कि इस त्रासदी के विरोध में बुधवार सुबह 11 बजे बड़ा गणपति मंदिर से पैदल मार्च निकाला जाएगा, जिसमें प्रदेश व जिला कांग्रेस के पदाधिकारी कार्यकर्ता बड़ी तादाद में शामिल होंगे।
