धर्मांतरण गंभीर विषय, संसद में उठाऊंगा मुद्दा- मनोज तिवारी

रायपुर, 24 दिसंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद मनोज तिवारी ने धर्मांतरण के मामलों को चिंताजनक बताते हुए बुधवार को कहा है कि इस विषय को वह संसद के आगामी सत्र में प्रमुखता से उठाएंगे।

रायपुर दौरे पर पहुंचे सांसद मनोज तिवारी ने मीडिया से चर्चा में कहा कि देश में लोभ, लालच और कथित खरीद-फरोख्त के माध्यम से धर्मांतरण की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो बेहद गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने प्रदेश बंद का हवाला देते हुए कहा कि आज जनता सड़कों पर उतरी है, जो इस बात का संकेत है कि समाज इस मुद्दे को लेकर असंतुष्ट और चिंतित है। श्री तिवारी ने कहा कि अब इस विषय पर संविधान और कानून के स्तर पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि देश को पहली बार ऐसे प्रधानमंत्री मिले हैं, जो लगातार विकास के कार्यों को गति दे रहे हैं। प्रधानमंत्री का स्पष्ट उद्देश्य है कि भारत स्वस्थ और सशक्त बने। उन्होंने कहा कि देश के बच्चे और युवा शारीरिक रूप से फिट रहें, इसी सोच के तहत प्रधानमंत्री ने प्रत्येक सांसद को अपने-अपने क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव आयोजित करने का निर्देश दिया है।

श्री मनोज तिवारी ने बताया कि वे रायपुर में आयोजित सांसद खेल महोत्सव में भाग लेने आए हैं और इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि खेल महोत्सव युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

 

 

Next Post

छत्तीसगढ़ में बंद का व्यापक असर, कई जिलों में तनाव , विरोध प्रदर्शन

Wed Dec 24 , 2025
बस्तर/रायपुर 24 दिसंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ में सर्व समाज एवं आदिवासी समाज की ओर बुधवार को प्रस्तावित बंद का व्यापक असर रहा। बंद का आह्वान सर्व समाज व आदिवासी समाज की ओर से किया गया था, लेकिन बंद करवाने वाले समूहों में भाजपा के कार्यकर्ताओं को भी देखा गया। महासमुंद एवं […]

You May Like