सीहोर। वन विभाग ने नीलगाय के शिकार के आरोपी दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है. मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा. उनके पास से कच्चा मांस, धारदार हथियार और दो बाइक जब्त की गई हैं.
वन मंडल अधिकारी अर्चना पटेल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बगलीखेड़ा और गादलिया के कुछ लोगों ने नीलगाय का शिकार किया है. इस सूचना पर लाड़कुई के वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रकाश चंद्र उईके ने तुरंत दो टीमों का गठन किया और उन्हें घटनास्थल के लिए रवाना किया. अभियान के दौरान टीम को गादलिया निवासी शोभाराम के खेत के पास कुछ हलचल दिखी. टॉर्च की रोशनी में दो व्यक्ति बाइक पर बैठे नजर आए. वन अमले को देख वह अपनी बाइक छोड़कर भागने लगे. दोनों टीमों ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को उनके झोलों सहित पकड़ लिया. झोलों की तलाशीमें कटा हुआ कच्चा मांस और दूसरे में एक कुल्हाड़ी तथा एक हंसिया मिला. एक आरोपी ने अपना नाम शोभाराम निवासी गादलिया और दूसरे ने दीपसिंह निवासी बसंतपुर बताया. दोनों आरोपियों और दो बाइक को कार्यालय लाया गया.
आरोपियों की निशानदेही पर, टीम उन्हें उस घटनास्थल पर ले गई जहां नीलगाय का शिकार किया गया था. बीट बगलीखेड़ा और नयापुर की सीमा रेखा बनाने वाले नाले के पास जांच करने पर खून से सनी जमीन मिली. वहां एक सागौन की बल्ली भी खून से सनी हुई पाई गई. इसके अतिरिक्त, वन्यप्राणी के अवशेष भी मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया.
