नयी दिल्ली, 22 दिसंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में सोमवार को चावल के औसत भाव बढ़ गये जबकि गेहूं में गिरावट रही। चीनी और दालों की कीमतों में भी तेजी रही। वहीं, खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख देखा गया। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 113 रुपये बढ़कर 3,853 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 14 रुपये टूटकर 2,856 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर आ गयी। आटे की कीमत 13 रुपये घट गयी। दाल-दलहनों में तेजी रही। तुअर दाल की कीमत औसतन 207 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। मसूर दाल 156 रुपये और चना दाल 148 रुपये महंगी हुई। मूंग दाल 122 रुपये और उड़द दाल 94 रुपये प्रति क्विंटल मजबूत हुई।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का मार्च वायदा 82 रिंगिट चढ़कर 3,987 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। वहीं, मार्च का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.56 प्रतिशत की बढ़त के साथ 48.71 डॉलर के भाव बोला गया। स्थानीय बाजारों में सूरजमुखी तेल औसतन 71 रुपये और पाम ऑयल 56 रुपये प्रति क्विंटल फिसल गया। सरसों तेल 48 रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ। वनस्पति का भाव 142 रुपये और मूंगफली तेल का 45 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ा। सोया तेल में 24 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी रही। मीठे के बाजार में आज गुड़ की औसत कीमत 103 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। चीनी भी 25 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।

