
छिंदवाड़ा। जिले के विकासखंड चौरई की ग्राम पंचायत केवलारी संभा का कलेक्टर ने किया आकस्मिक निरीक्षण। इस दौरान कलेक्टर हरेन्द्र नारायन ने ग्राम पंचायत भवन में चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं जानी। ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि गांव में पेयजल की सुविधा सीमित है तथा वर्तमान में केवल एक हैंडपम्प पर ही निर्भरता है। गर्मी के मौसम में जलस्तर कम होने तथा बारिश के समय पानी की गुणवत्ता प्रभावित होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस पर कलेक्टर श्री नारायन ने सीईओ जनपद पंचायत चौरई को आवश्यक कार्यवाही करते हुए सामुदायिक कूप अथवा वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था के संबंध में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने गांव में ब्रिज निर्माण का विषय भी रखा। इस संबंध में कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि पूर्व में स्थल परीक्षण किया गया था, किंतु चयनित स्थान तकनीकी दृष्टि से उपयुक्त नहीं पाया गया था। कलेक्टर श्री नारायन ने ग्रामीणों को आगामी ग्राम सभा में पंचायत के माध्यम से उपयुक्त स्थान चिन्हित कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए, ताकि आगे की कार्यवाही की जा सके। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उपलब्ध नहीं है। अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि निकटस्थ ग्राम हिवरखेड़ी में शीघ्र ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रारंभ किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। कलेक्टर श्री नारायन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए तथा शासन की योजनाओं का लाभ समय पर ग्रामीणों तक पहुंचे। निरीक्षण के दौरान एसडीएम चौरई प्रभात मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं ग्रामीण जन उपस्थित थे।
