
रायसेन। धान की बढ़ती आवक को देखते हुए इस वर्ष भी दशहरा मैदान को अस्थायी मंडी के रूप में तैयार किया गया है। किसानों की सुविधा और ट्रॉली जाम की समस्या से बचने के लिए इस बार मंडी प्रशासन ने नई व्यवस्थाएं लागू की हैं। मंडी सचिव वीरेंद्र ठाकुर की मौजूदगी में मैदान में लोहे के बोर्ड लगाकर एक से सात तक नंबर अंकित किए गए हैं, ताकि किसान अपनी ट्रॉलियों को क्रमवार तरीके से खड़ा कर सकें।
इस व्यवस्था से न केवल ट्रॉलियों की लाइन व्यवस्थित रहेगी, बल्कि कोई भी व्यक्ति जगह रोककर पैसे लेकर ट्रॉलियां खड़ी नहीं करवा सकेगा। इसके अलावा एसडीएम मनीष शर्मा के निर्देश पर इस साल टोकन सिस्टम भी लागू किया गया है। प्रत्येक किसान को पहले टोकन लेना होगा, जिसके आधार पर ही ट्रॉली प्रवेश की अनुमति मिलेगी। नई व्यवस्था से मंडी संचालन अधिक पारदर्शी होगा और जाम की स्थिति पर नियंत्रण रहेगा।
