भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज खाचरौद नगर को विकास की महत्वपूर्ण सौगात देने जा रहे हैं। अपने प्रस्तावित दौरे के दौरान मुख्यमंत्री खाचरौद में 74.35 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूर्ण हुए एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव 35 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण करेंगे। यह विद्यालय क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करने के साथ विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री खाचरौद में 9 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले संयुक्त तहसील कार्यालय भवन का भूमि-पूजन भी करेंगे। इस नए भवन के निर्माण से प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी और आम नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय सेवाएं सुगमता से उपलब्ध हो सकेंगी।मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
