न्यायपालिका पर भरोसा तभी मजबूत होता है, जब उसके फैसलों में केवल कानून का शुष्क अनुपालन नहीं, बल्कि न्याय का जीवंत भाव भी प्रतिबिंबित हो. सुप्रीम कोर्ट के हाल के दो निर्णय इसी संवेदनशील न्याय बोध का परिचायक हैं .एक, अरावली पर्वत श्रृंखला की परिभाषा से जुड़े अपने ही पूर्व आदेश पर रोक और दूसरा, उन्नाव कांड के दोषी एवं पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दी गई जमानत पर लगाए गए स्थगन आदेश. इन दोनों निर्णयों ने न केवल कानूनी प्रक्रिया को संतुलित और मानवीय बनाया है, बल्कि यह संदेश भी दिया है कि न्याय व्यवस्था आम नागरिक के साथ खड़ी है.
अरावली पर्वत श्रृंखला केवल भौगोलिक संरचना नहीं, बल्कि उत्तर भारत की पारिस्थितिकी की जीवनरेखा है. यह श्रृंखला जल संरक्षण, भूमिगत जल भंडारण, प्रदूषण नियंत्रण और मरुस्थलीकरण को रोकने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व में दी गई परिभाषा के आधार पर अरावली क्षेत्र के कई भूखंडों पर निर्माण गतिविधियों को रोकने का कड़ा रुख अपनाया था. लेकिन इस परिभाषा के चलते वहां बसे हजारों परिवारों, स्थानीय निवासियों और कुछ वैध निर्माणों पर संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई.
न्यायालय ने नई परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अपने ही आदेश पर रोक लगाकर यह स्पष्ट किया है कि पर्यावरण संरक्षण की लड़ाई आम नागरिक के जीवन और आजीविका के मूल्य पर नहीं लड़ी जानी चाहिए. न्यायालय ने यह भी संकेत दिया है कि पर्यावरण और मानव जीवन के बीच संतुलन बनाना ही सही और जिम्मेदार नीति है. यह निर्णय केवल एक कानूनी संशोधन नहीं, बल्कि न्यायिक संवेदना का उदाहरण है, जिसमें विकास, पर्यावरण और मानवीय सरोकारों को संतुलित दृष्टि से देखा गया है.
दूसरी ओर, उन्नाव बलात्कार कांड में दोषी सिद्ध पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को इलाहाबाद हाई कोर्ट द्वारा दी गई जमानत पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाकर स्पष्ट संकेत दिया है कि बलात्कार जैसे जघन्य अपराधों में दया या शिथिलता की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए. यह मामला केवल एक अपराध का नहीं, बल्कि सत्ता, प्रभाव और भय के दुरुपयोग का प्रतीक रहा है. पीडि़ता ने लंबी कानूनी और सामाजिक लड़ाई लड़ी, उसे न्यायिक संरक्षण की आवश्यकता पहले से अधिक है.
ऐसे मामलों में जमानत न केवल पीडि़ता की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लगाती है, बल्कि समाज में गलत संदेश भी देती है. सुप्रीम कोर्ट का यह हस्तक्षेप न्यायिक व्यवस्था के उस अडिग संकल्प का प्रतीक है, जिसमें अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून उसके सामने बराबरी से खड़ा रहता है.
इन दोनों फैसलों का मूल संदेश एक ही है कि न्याय केवल कानून की पुस्तकों में नहीं, बल्कि समाज के जीवन में दिखना चाहिए. संविधान के संरक्षक के रूप में सुप्रीम कोर्ट ने एक बार फिर यह प्रमाणित किया है कि वह न तो पर्यावरणीय प्रश्नों को नजरअंदाज करेगा, न पीडि़तों की आवाज को कमजोर पडऩे देगा.
आज जब न्याय व्यवस्था पर अविश्वास का माहौल बनाने की कोशिशें बढ़ रही हैं, तब ऐसे फैसले न्यायपालिका की विश्वसनीयता को और मजबूत करते हैं. यह उम्मीद जगाने वाले फैसले हैं,क्योंकि इनमें कानून के साथ-साथ करुणा, संतुलन और न्याय की आत्मा मौजूद है. यही वह न्याय दृष्टि है, जिसकी एक लोकतांत्रिक समाज को हमेशा आवश्यकता रहती है.
