सतना: जिले के नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत अटरा गांव में पीट-पीट कर हत्या कर दिए जाने की 2 दिन पुरानी घटना के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. जबकि इस मामले में फरार 3 आरोपियों की तलाश की जा रही है.नागौद थाना प्रभारी अशोक पाण्डेय से मिली जानकारी के अनुसार द्वारिका प्रसाद पटेल और प्रहलाद सिंह मुडहा खेत में महुआ के पेड़ के नीचे बैठकर आग ताप रहे थे. 26 दिसंबर की रात लगभग 10 बजे वहां अचानक पंकज सिंह पहुंच गया.
पंकज ने देखते ही देखते द्वारिका के साथ विवाद करते हुए गाली-गलौच देनी शुरु कर दी. इसी दौरान पंकज ने फोन कर लगभग दर्जन भर लोगों को वहां बुला लिया. लाठी, रॉड, हथौड़ा और कुल्हाड़ी जैसे हथियारों के साथ उन लोगों ने द्वारिका को मारना शुरु कर दिया. यह देख वीरेंद्र, नत्थू और राहुल बीच बचाव करने के लिए वहां आए. लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बक्शा. द्वारिका के साथ गंभीर तौर पर मारपीट करने के बाद सभी धमकाते हुए वहां से चले गए.
जिसके फौरन बाद द्वारिका को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सतना लाया गया. लेकिन उपचार के दौरान द्वारिका की मृत्यु हो गई. जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा 296 115 118 103 191 190 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरु की. इसी कड़ी में सोमवार को हत्या के 8 आरोपियों खुशीराम सिंह 60 वर्ष, कुशमेंद्र सिंह 46 वर्ष, लवकुश उर्फ हरिया सिंह 26 वर्ष, अनिल सिंह 20 वर्ष, कुंजीलाल सिंह 46 वर्ष, रामदुलारे सिंह 49 वर्ष, संदीप सिंह 19 वर्ष और हर्षित तिवारी 20 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया. पकड़े गए आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिया गया. जबकि घटना में शामिल रहे 3 फरार आरोपियों पंकज सिंह, अमित सिंह और अंकित सिंह की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.
