डॉक्टर पर हमले की साजिश में दो और आरोपी गिरफ्तार

इंदौर: विजयनगर थाना क्षेत्र में आर्थोपेडिक डॉक्टर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया है कि हमला जेल में बंद गैंगस्टर हेमंत यादव के कहने पर किया गया था. आरोपियों ने सुपारी लेकर डॉक्टर की कार पर बेसबॉल के डंडों से हमला किया था.घटना कुछ दिन पहले की है, जब डॉ. शिवकुमार यादव कार से जा रहे थे.

इसी दौरान बदमाशों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और चारों तरफ से डंडों से वार किए. अचानक हुए हमले से डॉक्टर घबरा गए, लेकिन उन्होंने कार का दरवाजा नहीं खोला, जिससे उनकी जान बच गई. घटना के बाद विजयनगर पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था.थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि पुलिस जांच में पता चला कि इस हमले की साजिश गैंगस्टर हेमंत यादव ने जेल में रहते हुए रची थी.

हेमंत हत्या के प्रयास के मामले में पांच साल की सजा काट रहा है, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने भी बरकरार रखा है. पूछताछ में पता चला है कि हेमंत को डॉक्टर से रंजिश थी, कुछ समय पहले एक सड़क हादसे में घायल उसके बेटे मोहित का ऑपरेशन डॉ. यादव ने किया था, जिसमें पैर काटना पड़ा था. हेमंत का मानना था कि डॉक्टर की लापरवाही से उसका बेटा अपंग हुआ, इसी वजह से उसने बदला लेने की योजना बनाई.

जांच में सामने आया कि हेमंत ने जेल में रहते हुए देवास निवासी जाहिद उर्फ भैया और खजराना निवासी मोहसिन लाला को पचास हजार रुपए की सुपारी दी थी. जाहिद हत्या के एक मामले में 15 साल की सजा काट चुका है और हाल ही में जेल से बाहर आया था. मोहसिन लाला भी पहले जेल में बंद रहा है, जिसकी जमानत हेमंत ने कराई थी. इस हमले में शामिल मोहसिन लाला और साजिद उर्फ अब्दुल गफ्फार को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.

पुलिस को सूचना मिली थी कि जाहिद उर्फ भैया और आसिफ खजराना क्षेत्र में स्टार चौराहे पर खड़े हैं. सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और दोनों को पकड़ लिया. गिरफ्तारी में थानेदार अजय सिंह कुशवाह, सहायक उप निरीक्षक भूपेंद्र गुर्जर और पुलिसकर्मियों की भूमिका रही. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में हमले से जुड़ी अन्य जानकारियां और नेटवर्क का खुलासा हो सकता है

Next Post

मतदान के लिए 29 दिसंबर को रहेगा अवकाश

Sat Dec 27 , 2025
सतना: मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग भोपाल के निर्देशानुसार पंचायत उप निर्वाचन 2025 (उत्तरार्द्ध) में जिले के जनपद पंचायत नागौद अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटा-2 में रिक्त सरपंच पद के मतदान 29 दिसम्बर को कराया जायेगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सतना डॉ. सतीश कुमार एस द्वारा जारी आदेशानुसार मतदान के लिए […]

You May Like