रिटायर्ड कर्मचारी ने महिलाओं-बच्चों को पीटा

इंदौर: एरोड्रम थाना क्षेत्र की अशोक नगर कॉलोनी में देवउठनी ग्यारस की रात पटाखे फोड़ने के विवाद में दो परिवारों में जमकर मारपीट हो गई. इस दौरान एमपीईबी के एक रिटायर्ड कर्मचारी रमेशचंद्र भावसार ने न सिर्फ पड़ोसियों से झगड़ा किया, बल्कि महिलाओं और बच्चों को डंडे से पीट दिया. मामला यहीं नहीं रुका, जब पीड़ित पक्ष रिपोर्ट लिखवाने थाने पहुंचा, तो आरोपी ने वहां भी एक महिला को बाल पकड़कर जमीन पर घसीटा और पिटाई की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

शिकायतकर्ता जितेंद्र राठौर ने बताया कि उनके घर के बच्चे रात में पटाखे फोड़ रहे थे और उसी समय घर में भजन संध्या भी चल रही थी. इसी बीच सामने रहने वाले रमेशचंद्र भावसार ने आपत्ति जताते हुए बच्चों पर पत्थर फेंक दिए. एक बच्चे को पत्थर लगने पर जब परिजन समझाने बाहर आए, तो रमेशचंद्र और उसके परिवार ने अपशब्द कहे और हमला कर दिया. विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने फर्शियां फेंकी. रमेशचंद्र अंदर से सब्बल (लोहे की छड़) ले आया और उसने महिलाओं पर हमला कर दिया. मौके पर अफरा-तफरी मच गई. दोनों परिवारों के बीच काफी देर तक विवाद चलता रहा.

थाने जाकर महिला के बाल खींचे और पीटा
झगड़े के बाद जितेंद्र और उनका परिवार रिपोर्ट दर्ज कराने एरोड्रम थाने पहुंचे. तभी रमेशचंद्र भी वहां आ धमका और थाने में ही महिला को पीटने लगा. पुलिस के सामने बाल पकड़कर घसीटने की यह घटना देखकर मौजूद लोग दंग रह गए. पुलिस ने किसी तरह आरोपी को अलग किया, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं. बताया जाता है कि आरोपी रमेशचंद्र का भाई पुलिस विभाग में पदस्थ है, जिसके दम पर वह कॉलोनी और थाने दोनों जगह धौंस जमाने की कोशिश करता रहा. पुलिस ने अब वीडियो साक्ष्य जुटाकर पूरे मामले की जांच शुरू की है.

दोनों पक्षों पर मामला दर्ज
बहरहाल, एरोड्रम पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर मारपीट का प्रकरण दर्ज किया है. एक पक्ष से रमेशचंद्र भावसार, बबन भावसार, रश्मि, कृतिका और निधि के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, वहीं दूसरे पक्ष पर भी प्रकरण कायम हुआ है. थाना प्रभारी वरुण सिंह भाटी का कहना है कि थाने में हुई मारपीट को गंभीरता से लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

दो बाइक सवार आपस में टकराए, दोनों गंभीर घायल

Mon Nov 3 , 2025
मक्सी: स्टेशन रोड मक्सी पर रविवार रात करीब 9.45 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों युवकों को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना […]

You May Like

Play sound