शाजापुर: श्रावण के बाद भादौ माह में भी महादेव की भक्ति का उत्साह चरम पर है. भादौ के दूसरे मंगलवार को मंगलनाथ महादेव शाही ठाटबाट से नगर भ्रमण पर निकले.विशेष रथ में सवार होकर नगरवासियों को आशीर्वाद देते हुए वे सोमेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां दोनों महादेव का पूजन कर प्रसादी वितरण हुआ. इस दौरान रिमझिम बारिश ने श्रद्धालुओं की आस्था को और प्रगाढ़ कर दिया.
बस स्टैंड और मार्ग पर भक्त पुष्पवर्षा कर महादेव का स्वागत करते दिखे. आकर्षक झांकियां, बैंड, उज्जैन से आए ढोल कलाकारों व मलखंब प्रदर्शन ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया. देवाधिदेव का रथ विशेष रूप से सजाया गया था. मंदिर समिति ने 3.5 क्विंटल प्रसादी का भोग लगाकर भक्तों में वितरण किया. पूरे नगर में धार्मिक उल्लास का अद्भुत दृश्य देखने मिला.
