जबलपुर: डायल 100 अब डायल 112 हो गई हैं। इसके साथ ही अब एक नंबर को डायल करते ही पुलिस, स्वास्थ्य, एम्बुलेंस, अग्निशमन समेत अन्य सेवाएं मिलेगी। मंगलवार को भोपाल से 30 वाहन नए लुक में जबलपुर पहुंच गए हैं। इसके अलावा 17 और वाहन शहर आने वाले हैं कुल 47 वाहन अब शहर से लेकर ग्रामीण अंचल की सडक़ों पर जनसेवा के लिए दौड़ेंगे। विदित हो कि 14 अगस्त को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश की नवीन आपातकालीन सेवा डायल 112 का शुभारंभ किया था।
अत्याधुनिक उपकरणों से है लैस
पुलिस कंट्रोल रूम नई तकनीक से लैस हुए हैं। एफआरवी (फास्ट रिस्पांस व्हीकल) वाहनों को अत्याधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है। इन डायल 112 वाहनों को हाईटैक बनाया गया है। ये वाहन डेटा एनालिटिक्स, रीयल-टाइम लोकेशन ट्रैकिंग के साथ अन्य सुविधाओं से लैस होंगे।
ये सेवाएं मिलेगी
अब पुलिस (100), स्वास्थ्य, एम्बुलेंस (108), अग्निशमन (101), महिला हेल्पलाइन (1090), साइबर क्राइम (1930), रेल मदद (139), हाईवे एक्सिडेंट रिस्पॉन्स (1099), प्राकृतिक आपदा (1079) और महिला एवं चाइल्ड हेल्पलाइन (181, 1098) जैसी सभी सेवाएं एक ही नंबर 112 से उपलब्ध होंगी।
इनका कहना है
अब डायल 112 के जरिए एक नंबर पर कई सेवाएं उपलब्ध होगी। मंगलवार को भोपाल से 30 नए वाहन नए लुक में शहर पहुंचे हैं। 17 और नए वाहन दो से तीन दिन मेें शहर पहुंचेंगे।
मनीष राय, रेडियो प्रभारी, निरीक्षक
