शिक्षा सामाजिक विकास का मूलमंत्र, सरकार शिक्षा के स्तर को उन्नत करने के लिए कर रही है प्रयास: साय

रायपुर, 07 दिसंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेवा साय ने शिक्षा को सामाजिक विकास का मूलमंत्र बताया है और कहा है कि राज्य सरकार प्रारंभ से ही शिक्षा के स्तर को उन्नत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।श्री साय ने साय ने यहां स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में रविवार को आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्व रविदास समाज के समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि सामाजिक विकास का वास्तविक आधार शिक्षा है। चाहे जीवन जीने की कला हो, व्यापार हो, कृषि हो या कोई अन्य क्षेत्र, सफलता का पहला कदम शिक्षा ही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रारंभ से ही शिक्षा के स्तर को उन्नत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। राज्य गठन के समय जहाँ मात्र एक मेडिकल कॉलेज था, वहीं आज प्रदेश में लगभग 15 चिकित्सा महाविद्यालय संचालित हो रहे हैं। इसी प्रकार, छत्तीसगढ़ में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी), भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), लॉ यूनिवर्सिटी, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और सिपेट जैसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों की स्थापना से स्थानीय युवाओं को बड़े अवसर प्राप्त हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को मजबूत और संगठित होना समय की आवश्यकता है, क्योंकि संगठित समाज ही राष्ट्र निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मूलमंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का उल्लेख करते हुए कहा कि इन्हीं मार्गदर्शक सिद्धांतों के अनुसार राज्य सरकार 23 महीनों से सभी वर्गों के हित में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने हाल के महीनों में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिसमें अन्नदाताओं के लिए कृषक उन्नति योजना, प्रत्येक परिवार को पक्का मकान देने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना, माताओं और बहनों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने वाली महतारी वंदन योजना, दूरस्थ अंचलों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु शिक्षक युक्तियुक्तकरण जैसे कदम शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक विभिन्न विभागों में 10 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की परीक्षाएं पूर्ण निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई गई हैं, जिससे युवाओं में नया विश्वास उत्पन्न हुआ है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने नई उद्योग नीति लागू की है, जिससे स्थानीय लोगों को अधिक अवसर, रोज़गार और स्वरोजगार प्राप्त हो सकेगा।

इस अवसर पर सर्व रविदास समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष विजय मेहरा, रायपुर संभाग आयुक्त महादेव कांवरे, दिलीप वासनीकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

 

Next Post

मानवाधिकार दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

Sun Dec 7 , 2025
नयी दिल्ली, 07 दिसंबर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 10 दिसंबर को यहां भारत मंडपम में आयोजित होने वाले मानवाधिकार दिवस समारोह की मुख्य अतिथि होंगी। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) द्वारा आयोजित इस समारोह में एनएचआरसी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति वी. रामसुब्रमण्यन सहित विभिन्न गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। ज्ञात रहे कि मानवाधिकार […]

You May Like