
कुरावर। शुक्रवार दोपहर को आपूर्ति विभाग द्वारा नगर से गुजर रहे हाईवे पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से परिवहन कर ले जाये जा रहे 80 घरेलू गैस सिलेंडर एवं एक चार पहिया लोडिंग वाहन को जप्त किया गया.
हाईवे स्थित वृंदावन होटल के सामने सिलेण्डर से भरा वाहन जप्त किया गया. सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार माना स्थित गैस एजेंसी से अभिषेक पिता प्रकाश ठाकुर तथा उसका साथी हर्षित पिता बल्लू सिंह निवासी ईटखेड़ी जिला भोपाल चार पहिया लोडिंग वाहन से 80 घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रूप से भरकर ईटखेड़ी ले जा रहे थे. इसकी जानकारी लगने पर आपूर्ति विभाग की टीम मौके पर पहुंची जहां ग्रामीणों ने वाहन को रोक रखा था.
नहीं मिले वैद्य दस्तावेज
कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आनारिका कन्नौजिया ने मौके पर पहुंचकर वाहन चालक से पूछताछ की. पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया कि उसके पास गैस सिलेंडरों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं हैं तथा वह पिछले तीन माह से इसी प्रकार अवैध रूप से गैस सिलेंडर ले जा रहा था. वह इन सिलेंडरों को गोकलपुर एवं ईटखेड़ी (भोपाल) क्षेत्र में प्रति सिलेंडर 900 रुपये में बेच रहा था. जबकि घरेलू गैस सिलेंडर का शासकीय मूल्य 858.50 है.
आपूर्ति विभाग ने कार्रवाई करते हुए 80 घरेलू गैस सिलेंडरों को जप्त कर स्थानीय गैस एजेंसी को सुपुर्द किया तथा वाहन को पुलिस थाने में जप्त करवाया गया. विभाग द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
गौरतलब है कि पिछले तीन माह से स्थानीय उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की कमी का सामना करना पड़ रहा था, जबकि दूसरी ओर घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री की जा रही थी.
हमें फोन पर सूचना मिली थी कि एक चार पहिया वाहन में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडर ले जाए जा रहे है. मौके पर पहुंचकर 80 घरेलू गैस सिलेंडरों से भरे वाहन को जप्त किया गया. चालक के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले. सिलेंडरों को स्थानीय गैस एजेंसी को जप्ती में दिया गया है तथा वाहन को पुलिस की सुपुर्दगी में सौंपा गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.
आनारिका कन्नौजिया
कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, नरसिंहगढ़
