इंदौर:शहर में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने दो नशा तस्करों को दबोचा है. आरोपियों के कब्जे से करीब 17.96 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर जब्त की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है. साथ ही उनके पास से एक यामाहा एफजेड मोटरसाइकिल, तोल कांटा मशीन और पाउच बनाने की इलेक्टि्रक मशीन भी बरामद हुई है.
एडीसीपी क्राईम राजेश दंडोतिया ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच टीम शहर में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों पर लगातार नजर रखे हुए है. इसी दौरान श्रीहनुमान मंदिर, एमआर-04 रोड क्षेत्र में दो संदिग्ध युवकों को देख पुलिस ने उन्हें रोका, पूछताछ में दोनों घबराने लगे. तलाशी लेने पर उनके पास ब्राउन शुगर मिली.
गिरफ्तार आरोपियों के नाम विशाल उर्फ विक्की निवासी बड़ी ग्वालटोली और अभिषेक उर्फ धीरज शर्मा निवासी खजराना बताए हैं. आरोपी विशाल उर्फ विक्की पर पूर्व में भी इंदौर शहर के अलग-अलग थानों में 11 प्रकरण दर्ज हैं. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे सस्ते दामों में ब्राउन शुगर अन्य जिलों से खरीदकर शहर में नशे के आदी लोगों को अधिक दामों में बेचते थे. दोनों आरोपी पाउच बनाकर आधा-आधा ग्राम ब्राउन शुगर पैक कर सप्लाई करने की तैयारी में थे.
यह सामग्री की जब्त
आरोपी विशाल की निशानदेही पर पाउच बनाने की इलेक्टि्रक मशीन, प्लास्टिक पन्नी और इलेक्ट्रॉनिक तोल मशीन जब्त की गई. क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम जांच शुरू कर दी है.
