गुना: नगर में बढ़ते अतिक्रमण पर सख्ती दिखाते हुए नगरपालिका अमले ने बुधवार सुबह लक्ष्मीगंज और जयस्तंभ चौराहे क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। नगरपालिका टीम जेसीबी मशीन और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जैसे ही बाजार खुला, फुटपाथ तथा सड़कों पर बढ़ाए गए हिस्सों को हटाना शुरू कर दिया गया।अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
कई दुकानदार जल्दबाजी में अपना सामान समेटने लगे, जबकि कुछ दुकानों पर जेसीबी का पंजा चला, जिससे पक्के और अस्थायी दोनों तरह के शेड तोड़ दिए गए। जिन दुकानदारों के पास सड़क की ओर अतिरिक्त सामान, बोर्ड या टीनशेड पाए गए, उन पर चालानी कार्रवाई भी की गई।नगरपालिका ने एक दिन पूर्व मुनादी कर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी, लेकिन कई दुकानदारों ने इसे नजरअंदाज करते हुए निर्धारित सीमा से अधिक जगह घेर रखी थी। ऐसे में अमले ने सख्ती बरतते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया।
जैसे-जैसे नपा की कार्रवाई मुख्य बाजार की ओर बढ़ी, कई दुकानदार स्वयं ही अपने बढ़े हुए हिस्से हटाने में जुट गए ताकि उनका नुकसान न हो। इस दौरान कुछ व्यापारियों ने अचानक की गई कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए थोड़े समय की मोहलत मांगी।वहीं, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने नगरपालिका की कार्रवाई को उचित बताया, लेकिन दुकानदारों को तैयारी के लिए सीमित समय देने की मांग दोहराई। नगरपालिका अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर की सड़कों और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
